बारिश से पंजाब का मौसम बदला, तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट

54
0

जालंधरः पंजाब में धनतेरस की सुबह बरसात के साथ पंजाब निवासियों के लिये खुशी का पैगाम लेकर आई है। बारिश से पंजाब में मौसम का मिजाज बदला है। कई जिलों में हो रही बारिश से तापमान में बदलाव के साथ-साथ अब लोगों को पराली के धुयें और बीमारियों से राहत मिलेगी। जालंधर में शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। बरसात प्रदेश भर में फैले पराली के धुयें और वायु प्रदूषण के कारण वायरल का शिकार हो रहे मरीजों के लिये बड़ी राहत दायक साबित होगी। अन्य जिलों जलालाबाद, बरनाला, रोपड़, कपूरथला और अमृतसर में भी सुबह से बरसात हो रही है। राज्य के सभी अस्पतालों में वायरल से लोग खांसी, जुकाम और बुखार के शिकार हो रहे हैं। इस बारिश से गंभीर बीमारियों जैसे डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया और वायरल से होने वाली बीमारियों से निजात मिलने के आसार हैं।

जालंधर में देर रात से ही बादल छाये हुये थे। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया था। विभाग के मुताबिक 48 घंटों के बाद पंजाब के उत्तरी हिस्सों के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी राज्य के कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है जिससे रात के समय ठंडक और बढ़ेगी। आगामी चौबीस घंटों में तापमान में बदलाव देखने को मिलेगा। इससे पहले गुवार राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह धूप निकली और दोपहर बाद हल्के बादल बने।

लुधियाना का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेलिस्यस, गुरदासपुर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।