Jalandhar: आप ने भ्रष्टाचार व माफिया को खत्म किया, पिछली सरकारें संरक्षण देती थीं- सीएम मान

47
0

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को हलका नकोदर के विभिन्न इलाकों में आप प्रत्याशी सुशील कुमार रिंकू के हक में निकाले गए रोड शो के दौरान जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने नकोदर के बिलगा से लेकर नूरमहल तक रोड शो निकाला।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब से पूरी तरह भ्रष्टाचार और माफिया को खत्म कर दिया है। पिछले एक साल में सैकड़ों भ्रष्ट अफसरों, कर्मचारियों और नेताओं पर कार्रवाई की और उन्हें जेल भेजा गया। पिछली सरकारों के दौरान पंजाब में भू माफिया, रेत माफिया, केबल माफिया और ड्रग्स माफिया का बोलबाला था, क्योंकि सत्ता में बैठे लोग उन्हें संरक्षण देते थे। आप सरकार ने पारदर्शी शासन की स्थापना की और इनका सफाया किया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में हमने सरकार बनाने के बाद सबसे पहले सरकारी अस्पतालों और सरकारी स्कूलों को सुधारना शुरू किया। पंजाब में अब दिल्ली की तरह वर्ल्ड क्लास स्कूल बन रहे हैं। शिक्षा की तरह ही हमारी सरकार ने पंजाब में स्वास्थ्य क्रांति की भी शुरुआत की है।

सीएम मान ने कहा कि सरकार बनने के मात्र एक साल के भीतर ही राज्य में 500 से ज्यादा मोहल्ला क्लीनिक बनाए। शुक्रवार को राज्य में 80 मोहल्ला क्लीनिकों और शुरू कर दिए गए। रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने मात्र एक साल में पंजाब के 28000 से ज्यादा नौजवानों को सरकारी नौकरियां दी। आने वाले दिनों में नौजवानों के भविष्य के लिए बड़ी संख्या में सरकारी नौकरियों की भर्तियां निकालेंगे।

राज्य की समृद्ध विरासत से युवा पीढ़ी को अवगत करवाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दसूहा-हाजीपुर सड़क का नाम सरदार जस्सा सिंह रामगढ़िया के नाम पर रखने का एलान किया। मुख्यमंत्री ने यह एलान महान योद्धा सरदार जस्सा सिंह रामगढ़िया के 300वें जन्मदिवस पर किया। उन्होंने लोगों को बधाई भी दी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को अकाली नेता चंदन ग्रेवाल आम आदमी पार्टी में शामिल करवाया। मान ने कहा कि हमारा एकमात्र उद्देश्य पंजाब को रंगला बनाना है। हर मेहनती पंजाबी के लिए पार्टी के दरवाजे हमेशा खुले हुए हैं। सीएम मान ने कहा कि हमारे मिशन को साकार करने के लिए जो भी पार्टी में शामिल होकर पंजाब की सेवा करना चाहता है, हम उसका स्वागत करते हैं।