संजय निरुपम को कांग्रेस ने क्यों निकाला? महाराष्ट्र के पूर्व सीएम ने बताई ये वजह

101
0

संजय निरुपम के कांग्रेस से निष्कासन के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में बवाल मचा है। निरुपम ने कांग्रेस पर बड़े आरोप लगाते हुए कहा कि वो निष्कासन से पहले ही इस्तीफा दे चुके थे। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर भी कई हमले बोले। वहीं, अब पूर्व सीएम और विधायक पृथ्वीराज चव्हाण का इस मामले पर बयान सामने आया है।

पृथ्वीराज चव्हाण ने संजय निरुपम के निष्कासन और उनकी मनपसंद सीट शिवसेना (यूबीटी) को देने का कारण भी बताया। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव के नतीजों की वजह से कांग्रेस को मुंबई में ज्यादा सीटें नहीं मिलीं। कांग्रेस को वह सीट नहीं मिली जो संजय निरुपम चाहते थे और उसकी वजह से नाराज थे।

पूर्व सीएम ने कहा कि सीट न मिलने की वजह से संजय निरुपम नाराज थे और बयानबाजी कर रहे थे। जब बात बढ़ी तो कांग्रेस को अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि संजय ने पक्का अपने लिए कोई न कोई विकल्प ढूंढ ही लिया है, इसलिए वे लगातार कांग्रेस के खिलाफ बयान दे रहे थे और गठबंधन में बाधाएं पैदा कर रहा थे।

संजय निरुपम ने बीते दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पार्टी पर कई हमले बोले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब दिशाहीन हो गई है और उसे सही-गलत का एहसास नहीं हो रहा है। उन्होंने इसी के साथ कहा कि कांग्रेस में केवल 5 लोगों की ही चलती है, जिसमें गांधी परिवार से तीनों राहुल, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे और के सी वेणुगोपाल शामिल हैं।