BJP में शामिल हो गए पूर्व वायुसेना प्रमुख, इस सीट से लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव

30
0

नई दिल्ली: पूर्व वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल (रिटायर्ड) राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने भाजपा का दामन थाम लिया है। अक्टूबर 2019 में उन्होंने वायुसेना की कमान संभाली थी। उससे पहले वह उप वायुसेना प्रमुख थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी है। भदौरिया के साथ पूर्व सांसद तिरुपति श्री वाराप्रसाद राव ने भी भाजपा की सदस्यता ली। जानकारों का कहना है कि भाजपा प्रत्याशियों की अगली सूची में भदौरिया का नाम शामिल कर सकती है। कयास हैं कि उन्हें गाजियाबाद की सीट से पूर्व सेनाध्यक्ष वीके सिंह की जगह से उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

आरके सिंह भदौरिया उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं। उनके पिता सूरजपाल सिंह एयरफोर्स में मास्टर वारंट ऑफिसर थे। उनकी बेटी सोनाली भी पायलट हैं। देश में राफेल लाने में उनकी भूमिका बताई जाती है। बता दें कि आरके भदौरिया के बाद एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी वायुसेना प्रमुख बने थे। सितंबर 2019 से सितंबर 2021 तक वह वायुसेना प्रमुख के पद पर रहे। आरके भदौरिया उस टीम का हिस्सा थे जो कि राफेल जेट के लिए फ्रांस के साथ बातचीत कर रही थी।