झमाझम बारिश से दिल्ली-एनसीआर का मौसम हुआ सुहाना, लोगों को मिली भीषण गर्मी से राहत

35
0

नेशनल डेस्कः दिल्ली-NCR में मंगलवार की शाम झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। बारिश के बाद तापमान तेजी से नीचे आया। हालांकि, बारिश की वजह से कई जगह लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। कई जगह लोग ट्रैफिक जाम से जूझते नजर आए। मंगलवार की सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो साल के इस समय के मुताबिक सामान्य तापमान था। सुबह के समय दिल्ली में आर्द्रता का स्तर 46 प्रतिशत दर्ज किया गया था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को कहा कि पूर्वी भारत के बड़े हिस्से में उष्ण लहर (हीट वेव) अगले पांच दिन तक जारी रहेगी। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में हीट वेव की स्थिति है और यह इस महीने में दूसरी बार है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 22 अप्रैल और 23 अप्रैल को रात का तापमान काफी अधिक होने की संभावना है। रात में अधिक तापमान खतरनाक माना जाता है, क्योंकि शरीर को ठंडा होने का मौका नहीं मिलता है।

मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल में देश के विभिन्न हिस्सों में सामान्यतः एक से तीन दिन की अवधि की तुलना में चार से आठ दिन हीट वेव रहने की संभावना है। पूरे अप्रैल-जून की अवधि में सामान्यतः चार से आठ दिन की तुलना में 10 से 20 दिन तक हीट वेव की संभावना है।