लोकसभा चुनाव: पंजाब का दौरा करेंगे ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल

26
0

जालंधर/चंडीगढ़ : पंजाब के बिजली मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि सुप्रीमकोर्ट द्वारा दी गई अंतरिम जमानत के बाद दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जल्द ही पंजाब का चुनावी दौरा करेंगे और ‘आप’ वालंटियर्स को उत्साहित करेंगे। कैबिनेट मंत्री हरभजन ई.टी.ओ. ने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करने के बाद कहा कि केजरीवाल के रिहा होने से मोदी सरकार की तानाशाही का अंत अब निश्चित है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने सरकारी एजैंसियों का दुरुपयोग करते हुए दूसरी पार्टियों के नेताओं पर झूठे केस दर्ज करवाए।

उन्होंने मोदी सरकार पर तज कसंते हुए कहा कि वह भारतीय संविधान व लोकतंत्र को खत्म करने पर तुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता इसका मुंहतोड़ जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के पंजाब दौरे से राज्य की सभी 13 सीटों पर आम आदमी पार्टी की जीत होगी और पंजाब के चुनावी नतीजे 2022 के विधानसभा चुनावों की तरह हैरानीजनक होंगे।

हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने अकाली दल पर तंज कसते हुए कहा कि अब यह पार्टी खाली दल बन कर रह गई है और इसके सभी बड़े नेता दूसरी राजनीतिक पार्टियों में शामिल हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व अकाली व कांग्रेस सरकारों के समय राज्य का विकास नहीं हुआ बल्कि पंजाब में कमिशनबाजी का धंधा चल रहा था। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था। दोनों पार्टियां ने 5-5 वर्षों का शासन फिक्स किया हुआ था और पंजाब को लूटा जा रहा था।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ‘आप’ सरकार ने पंजाब के लोगों को 600 मुफ्त बिजली दी है और उसके बावजूद बिजली बोर्ड मुनाफे में आ गया है। इस समय 90 प्रतिशत से ज्यादा लोगों के बिल जीरो आ रहे हैं। इतिहास में पहली बार भगवंत मान सरकार ने प्राईवेट थर्मल प्लांट को खरीदा है जबकि इससे पहले सरकारों ने अपनी सम्पत्ति को प्राईवेट हाथों में बेचा था।