चीन से मुंबई लाया गया मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर प्रसाद पुजारी, इंटरपोल ने जारी कर रखा था रेड कॉर्नर नोटिस; 20 साल से था फरार

36
0

मुंबई: सुरक्षा एजेंसियों को बीस साल से फरार मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर को भारत लाने में बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगस्टर प्रसाद पुजारी को चीन से मुंबई डिपोर्ट कर लिया गया है। प्रसाद 20 साल से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस तक जारी किया हुआ था। गैंगस्टर प्रसाद पुजारी मुंबई पुलिस की लिस्ट में मोस्ट वांटेड गैंगस्टर्स में से एक है। प्रसाद पुजारी के खिलाफ मुंबई में हत्या और उगाही के कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ आखिरी केस साल 2020 में मुंबई में दर्ज हुआ था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रसाद पुजारी भारत से फरार होकर चीन पहुंच गया था। भारतीय एजेंसियों की पकड़ से बचने के लिए पुजारी ने एक चीनी महिला से शादी भी कर ली थी, जिससे उसके एक बच्चा भी है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने पुजारी की मां को 2020 में गिरफ़्तार किया था। जांच एजेंसियों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार उसे आज चीन से भारत डिपोर्ट किया गया। मुंबई पहुंचते गैंगस्टर पुजारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुजारी ने कुछ साल पहले शिवसेना के एक नेता पर भी जानलेवा हमला करवाया था।

बता दें कि गैंगस्टर प्रसाद पुजारी ने शिवसेना के जिस नेता पर हमला किया था उसका नाम चंद्रकांत जाधव था। विक्रोली इलाके में रहने वाले जाधव के ऊपर फायरिंग की गई थी। हालांकि जाधव की किस्मत अच्छी थी क्योंकि फायरिंग मे गोली उन्हें छूकर निकल गई थी जिससे उनकी जान बच गई थी। 19 दिसंबर 2019 को हुई इस फायरिंग में प्रसाद पुजारी का नाम सामने आया था। भारत से फरार होने के बाद पुजारी चीन के गुयांगडोंग प्रोविंस में लोओहु जिले में रह रहा था।