Punjab Politics: ‘इंडिया’ को चैन, पंजाब कांग्रेस बेचैन; बाजवा व वड़िंग दिल्ली में डटे; बन रहे नए समीकरण

76
0

चंडीगढ़,  इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) में आम आदमी पार्टी के शामिल होने से पंजाब कांग्रेस बेचैन है। राज्य में बदले राजनीतिक हालात को लेकर कांग्रेस हाईकमान से बातचीत करने के लिए पंजाब कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा दिल्ली में डट गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के व्यस्त रहने और राहुल गांधी के केरल में होने के कारण शुक्रवार को उनसे वड़िंग व बाजवा की मुलाकात नहीं हो सकी।

खरगे का शुक्रवार को जन्मदिन भी था। आप के साथ गठबंधन की बात सामने आने के साथ ही पंजाब कांग्रेस में हड़कंप मचा हुआ है। कांग्रेस को पता हैं कि अगर यह गठबंधन होता है तो आप पंजाब में अधिकांश सीटों पर दावा ठोकेगी, क्योंकि वह सत्तारूढ़ पार्टी है, जबकि कांग्रेस विपक्ष में है। कांग्रेस में इस सूचना को लेकर बेचैनी फैल गई है कि आप पंजाब में 13 में से नौ लोकसभा सीटों पर दावा ठोक रही है, जबकि चार सीटें कांग्रेस को दी जाएगी। हालांकि, वड़िंग पहले ही दावा कर चुके हैं कि अभी सीट के बंटवारे की कोई बात नहीं हुई है।

उधर, आप ने सत्ता में आने के बाद से कांग्रेस के एक दर्जन से अधिक पूर्व मंत्रियों व विधायकों पर विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया हुआ है। पूर्व उप मुख्यमंत्री ओपी सोनी अभी भी जेल में हैं। वहीं, विपक्षी दल होने के कारण कांग्रेस आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई लड़ रही है। यही कारण है कि कांग्रेस किसी भी सूरत में आप के साथ पंजाब में गठबंधन के हक में नहीं है। इसीलिए हाईकमान से मिलने के लिए दोनों ही नेता दिल्ली पहुंचे हैं।वहीं, आप के साथ गठबंधन को लेकर वास्तविक स्थिति क्या है, इसे लेकर पंजाब कांग्रेस के नेता अभी भी अंधेरे में हैं। पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चाहते हैं कि वड़िंग और बाजवा हाईकमान के साथ मुलाकात कर स्थिति स्पष्ट करें।

हालांकि, दिल्ली जाने से पहले बाजवा ने दो टूक कहा है कि हमें तो आप की शक्ल तक देखना गंवारा नहीं, गठबंधन तो दूर की बात है। लोकसभा चुनाव-2019 में कांग्रेस ने आठ सीटें जीती थी। इस समय कांग्रेस के पंजाब में सात सांसद हैं। पटियाला की सांसद परनीत कौर को पार्टी से निलंबित हैं। जालंधर के सांसद चौधरी संतोख सिंह के निधन के बाद उपचुनाव में आप ने यह सीट जीत ली है।