Jalandhar News: बहुचर्चित एडवोकेट हत्याकांड का मुख्य आरोपी तीन साल बाद गिरफ्तार

89
0

होशियारपुर। पुलिस ने तीन वर्ष की कड़ी मशक्कत के बाद बहुचर्चित दोहरे हत्या प्रकरण के मुख्य आरोपी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड में वरिष्ठ एडवोकेट भगवंत किशोर गुप्ता व उनके सहायक महिला वकील सिया खुल्लर की हत्या के बाद शवों को खुर्द बुर्द करने की नीयत से जला दिया गया था।
जिला पुलिस प्रमुख सरताज सिंह चाहल ने मीडिया को बताया कि 22 नवंबर, 2020 को सुमनिंदर गुप्ता निवासी मॉडल टाउन ने पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने बताया था कि 13 नवंबर को दीपावली की रात को उसके पिता एडवोकेट भगवंत किशोर गुप्ता व उनकी सहायक वकील सिया उर्फ गीतू की हत्या के बाद उनके शवों को कार में रख कर पुरहीरां बाईपास पर ले जाया गया। आरोपी ने शवों को खुर्द बुर्द करने की नीयत से कार को एक वृक्ष के साथ मार कर आग लगा दी ताकि यह एक हादसा लगे। जिला पुलिस प्रमुख ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आशंका व्यक्त की थी कि हादसा नहीं है, बल्कि सिया खुल्लर के पति अशीष कुशवाहा ने अपने साथियों सुनील कुमार व कपिल कुमार ने अपने अन्य साथियों को उत्तर प्रदेश बुलंद शहर के गांव मंगलोर से बुलाकर उसके पिता व सिया खुल्लर की हत्या कर इस हत्याकांड को हादसा दिखाने का प्रयास किया था।

एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने एक सवाल के जवाब में बताया कि उक्त शिकायत के बाद पुलिस ने थाना मॉडल टाउन में 22 नंवबर 2020 को आईपीसी की धारा 302, 201, 120बी 404 के अधीन दर्ज कर लिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 23 नंबवर को उक्त प्रकरण के एक आरोपी कपिल कुशवाहा को गांव मंगलोर थाना सलेमपुर जिला बुलंद शहर से गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी अशीष कुशवाहा व सुनील कुमार फरार होने के कारण आदलत ने दोनों को 5 दिसंबर 2012 को भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ 174 ए के तहत एक और मामला दर्ज कर लिया था।

मध्य प्रदेश की पुलिस के साथ मिलकर चलाया ऑपरेशन
एसएसपी ने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए बताया कि उक्त आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एसपी पीबीआई मेजर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें डीएसपी सिटी पलविंदर सिंह व थाना मॉडल टाउन के प्रभारी इंस्पेक्टर करनैल को भी शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार तीन वर्ष से विभिन्न राज्यों को पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी कर रही थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली की उक्त प्रकरण का मुख्य आरोपी मध्य प्रदेश में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस की उक्त टीम ने मध्य प्रदेश की पुलिस के साथ मिलकर योजना बना कर ऑपरेशन चलाया। पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब मुख्य आरोपी अशीष कुमार को मध्य प्रदेश के जिला शाहडोल से गिरफ्तार कर लिया।

पूजा करते समय गला घोंट कर की थी हत्या
आरोपी को अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेकर की पूछताछ की गई। उसने बताया कि उसने अपनी पत्नी सिया खुल्लर व उसके साथी वरिष्ठ वकील भगवंत किशोर को पूरी तरह योजना बनाकर दिवाली की रात 13 नवंबर को अपने साथियों कपिल कुशवाहा व सुनील आदि को गांव मंगलोर से बुलाकर लिया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि जब सिया खुल्लर व भगवंत किशोर गुप्ता जमीन पर बैठ कर पूजा कर रहे थे तो उनका गला घोंट कर हत्या करने के बाद उनके शवों को उक्त स्थल पर कार में लेजाकर आग लगा दी। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद विभिन्न स्थान व मोबाइल और वाहन बदलता रहा। उन्होने बताया कि आरोपी से अभी और पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद बड़ा खुलासा हो सकता है।