Amritsar News: गोइंदवाल साहिब सेंट्रल जेल में भिड़े दो कैदी, नुकीले हथियार से एक का अंगूठा काट डाला

amritsar-news-goindwal-sahib-central

46
0

गोइंदवाल साहिब सेंट्रल जेल में विचाराधीन कैदी दो दिन पहले दोपहर को आपस में भिड़ गए। इस दौरान जग्गी ने जेल की खिड़की से लोहे की पतरी उखाड़ी और सत्तू पर हमला कर दिया। इससे सत्तू के हाथ का एक अंगूठा अलग हो गया।

तरनतारन, गोइंदवाल साहिब सेंट्रल जेल में विचाराधीन कैदी दो दिन पहले दोपहर को आपस में भिड़ गए। इस दौरान तलविंदर सिंह उर्फ जग्गी नामक आरोपित ने हवालाती सतनाम सिंह सत्तू पर लोहे की पतरी से हमला कर उसका एक अंगूठा काट दिया। जानकारी के अनुसार, लड़ाई झगड़े के मामले में गिरफ्तार तलविंदर सिंह उर्फ जग्गी केंद्रीय जेल गोइंदवाल साहिब में बंद है।

31 मई की दोपहर को जेल के वार्ड नंबर- छह, सात, आठ के सामने तलविंदर जग्गी की विचाराधीन कैदी सतनाम सिंह सत्तू निवासी गांव लौहारका कलां के साथ तकरार हो गई। इस दौरान जग्गी ने जेल की खिड़की से लोहे की पतरी उखाड़ी और सत्तू पर हमला कर दिया। इससे सत्तू के हाथ का एक अंगूठा अलग हो गया। जेल प्रबंधन की ओर से सत्तू को गुरु नानक देव अस्पताल दाखिल करवा दिया गया है। जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट गुरनाम सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

27 को फरवरी को जेल में गैंगवार के दौरान गैंगस्टर मनमोहन मोहना, मनदीप तूफान की हत्या हुई। इस गैंगवार में आरोपितों ने लोहे की पतरियों का प्रयोग किया। इस मामले में 14 गैंगस्टरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। 25 मार्च को केंद्रीय जेल गोइंदवाल साहिब में विचाराधीन कैदियों के बीच लड़ाई हुई। इस दौरान संदीप सिंह घायल हो गया। आरोपितों ने हमले के दौरान जेल की खिड़कियों पर लगी लोहे की पतरियां उखाड़कर उनका इस्तेमाल किया।

26 मई को केंद्रीय जेल गोइंदवाल साहिब में विचाराधीन कैदी आपस में भिड़ गए। इसमें संदीप सिंह घायल हो गया। इस गैंगवार में आरोपितों ने लोहे की पतरियां उखाड़कर नुकीले हथियार के तौर पर उनका प्रयोग किया। इस बाबत गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया, लारेंस बिश्नोई के गुटों से संबंधित 12 गुर्गों के खिलाफ केस दर्ज किया गया, परंतु किसी भी आरोपित को अभी तक तफ्तीश करते हुए गिरफ्तारी नहीं डाली गई है।