कठिनइया नदी में डूबे युवक का शव बरामद, लाडले की मौत से परिवार में मचा कोहराम

99
0

संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के नाथनगर का विशाल चौहान गुरुवार की सुबह अलीनगर स्थित कठिनइया नदी के पुल से नीचे गिर गया था। गोताखोरों तथा एसडीआरएफ टीम गुरुवार को पूरे दिन उसे खोजती रही लेकिन उसका पता नहीं लग पाया था। शुक्रवार की सुबह कुछ लोगों ने घटनास्थल से 50 मीटर दूर एक शव को उतराते हुए देखा। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला तो शव की पहचान विशाल के रूप में हुई।

शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे तेज बारिश के बीच ग्रामीणों ने कठिनाइयां नदी के पुल से कुछ दूरी पर एक शव को उतराते हुए देखा। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों व स्वजनों की भीड़ जुट गई। मौके पर तत्काल महुली के थाना प्रभारी भगवान सिंह एसडीआरएफ टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को नदी से बाहर निकाला।

नाथनगर मछली मंडी के गुज्जू चौहान मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनके तीन पुत्रों में तीन विशाल सबसे छोटा था। बड़े पुत्र जितेंद्र की शादी हो चुकी है। दूसरे नंबर का बेटा मुन्ना है। मृतक विशाल कुछ दिनों पूर्व मार्ग दुर्घटना में घायल हो गया था। चोट लगने के कारण वह मानसिक रूप से अस्वस्थ हो गया था। उसका गोरखपुर स्थित एक अस्पताल से इलाज चल रहा था। मृतक की दो बहनों में एक की शादी हो चुकी है। बेटे की मृत्यु से मां मुनक्का देवी दहाड़े मारकर रो रही थीं। पिता गुज्जू चौहान को भी लोग संभालने में जुटे थे। भाई-बहन का भी रो-रोकर बुरा हाल था।