Punjab में सरकारी बसों की आज से हड़ताल, त्योहार से पहले बढ़ेगी यात्रियों की मुश्किलें, यूनियन की सरकार को खुली चुनौती

82
0

पीआरटीसी कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने कहा कि गुरुवार को प्रदेश भर में सभी डिपो बंद रखे जाएंगे और शुक्रवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। रेशम सिंह गिल ने हड़ताल की वजह से यात्रियों को होने वाली परेशानी के लिए परिवहन विभाग और विशेष कर निदेशक राज्य परिवहन को जिम्मेदार ठहराया है।

 जालंधर। प्रदेश की सरकारी बसों में सफर करने वाले यात्रियों को गुरुवार से भारी परेशानी का सामना करना होगा। दीवाली से तीन दिन पहले पहले प्रदेश में सरकारी बसों का चक्का जाम हो गया है। कारण, पंजाब रोडवेज, पनबस एवं पीआरटीसी कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन हड़ताल पर चली गई हैं। यूनियन की तरफ से बुधवार रात 12 बजे से प्रदेश भर में सरकारी बसों का चक्का जाम करने की घोषणा कर दी गई है।

हड़ताल की चेतावनी

इसकी पुष्टि यूनियन के राज्य अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने की है। हालांकि, इस दौरान विभिन्न शहरों से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (आईजीआई) एयरपोर्ट नई दिल्ली के लिए पैन बस एवं पीआरटीसी की वोल्वो बस सेवा फिलहाल जारी रहेगी। उधर, हड़ताल की चेतावनी के बाद पनबस में आउटसोर्स एवं अनुबंध आधार पर कार्यरत ड्राइवर, कंडक्टर एवं वर्कशाप स्टाफ के मौजूदा वेतन में एक अक्टूबर से पांच प्रतिशत वार्षिक वृद्धि करने का फैसला लिया गया है।

चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास घेरने की तैयारी

यूनियन के अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने कहा कि गुरुवार को प्रदेश भर में सभी डिपो बंद रखे जाएंगे और शुक्रवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। रेशम सिंह गिल ने हड़ताल की वजह से यात्रियों को होने वाली परेशानी के लिए परिवहन विभाग और विशेष कर निदेशक, राज्य परिवहन को जिम्मेदार ठहराया है। रेशम सिंह गिल ने कहा है कि सरकार की तरफ से यूनियन की वेतन बढ़ोतरी संबंधी मांगे मानी जा चुकी हैं, लेकिन राज्य परिवहन की आला अफसरशाही जानबूझकर सरकार के आदेशों को लागू नहीं कर रही है, जिससे कर्मचारियों का भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।